शामली/कैराना। जनपद में कोरोना पॉजिटिव के पांच नए केस मिले हैं। नए केस में सराफा व्यापारी और महिला शामिल है। स्वास्थ्य टीम ने नए कोरोना पॉजिटिव मिले लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुधवार शाम को मेरठ मेडिकल से आई रिपोर्ट में जनपद के पांच लोगों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। नए केस में शामली के एक मोहल्ला निवासी दुकानदार का रैंडम सैंपल लिया गया था। सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। झिंझाना क्षेत्र के एक गाव में दो लोगों के सैंपल की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। इनके अलावा कस्बा कैराना में एक सप्ताह पहले सराफा बाजार में एक परिवार के छह लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के तीन दिन बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 20 लोगों के रैंडम सैंपल लिए थे। बुधवार को सराफा बाजार निवासी एक व्यापारी की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके अलावा मोहल्ला पीरजादगान में भी एक सप्ताह पूर्व कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद वहां भी रैंडम सैंपल लिए थे। इनमें एक महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बुधवार को प्राप्त सैंपलों की जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव के पांच नए केस आए हैं। इनमें तीन केस पूर्व में मिले कोरोना पॉजिटिव के कांटेक्ट वाले है जबकि दो लोग दुकान करते हैं। जहां पर ये लोग निवास करते है, वहां पर सीलिंग और सैनिटाइजिंग की कार्रवाई कराई जा रही है। जनपद में इस समय कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 34 हो गई है।