शामली। विधानसभा चुनाव की मतगणना में सबसे पहले शामली और कैराना के नतीजे आएंगे। दोनों विधानसभाओं के 21-21 राउंड और थानाभवन विधानसभा की मतगणना 23 राउंड में पूरी होगी। मतगणना के संबंध में डीएम, सीडीओ की मौजूदगी में प्रथम रेंडामाइजेशन किया गया। मतगणना के लिए 400 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
भैंसवाल रोड स्थित मंडीस्थल पर नीलामी चबूतरों पर 11 मार्च को होने वाली मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुबह 8:00 बजे से शुरू होने वाली मतगणना में शामली और कैराना विधानसभा के लिए 21-21 राउंड होंगे। जबकि थानाभवन विधानसभा की मतगणना 23 राउंड में पूरी होगी। तीनों विधानसभाओं की मतगणना के लिए 57 पार्टियों की ड्यूटी लगाकर प्रथम रेंडमाइजेशन पूरा किया गया।
डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में मतगणना के लिए 19 पार्टी बनाई गई हैं। एक पार्टी में एक मतगणना प्रेक्षक, एक मतगणना सहायक, एक माइक्रो आबर्जवर, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को लगाया गया है।
मतगणना प्रेक्षक राजपत्रित अधिकारी, माइक्रो आबर्जवर बैंक, एलआईसी कर्मचारियों को लगाया गया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का काम स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ईवीएम ले जाने का रहेगा। माइक्रो आर्ब्जवर की देखरेख में मतगणना कार्य पूरा किया जाएगा। मतगणना की दो टेबिल आरओ की लगाई जाएंगी। तीन पार्टी रिजर्व में लगाई जाएंगी। कुल 227 कर्मचारियों की मतगणना में ड्यूटी लगाई गई है। जबकि 36 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दो मार्च से लेकर पांच मार्च तक मतगणना ड्यूटी प्राप्त हो जाएगी। छह मार्च को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में 12:00 बजे से 2:00 बजे तक मतगणना में लगाए गए प्रेक्षक और मतगणना सहायक को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 3:00 बजे से लेकर 4:00 बजे तक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को, 4:00 बजे से लेकर 5:00 बजे तक माइक्रो आर्ब्जवर को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
10 मार्च को सुबह 10:00 बजे से लेकर 2:00 बजे तक मतगणना सहायक, 3:00 बजे से 4:00 बजे तक चतुर्थ श्रेणी और 4:00 बजे से 5:00 बजे तक माइक्रो आर्ब्जवर को सीडीओ यशु रुस्तगी और डीडीओ बलराम कुमार प्रशिक्षण देंगे। 10 मार्च को दूसरा रेंडमाइजेशन शाम 5:00 बजे किया जाएगा।