शामली। एसपी विनीत जायसवाल ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और शराब के नशे में मिलने के आरोप में फायरमैन को निलंबित कर दिया, जबकि पासपोर्ट वेरीफिकेशन को लेकर परेशान करने की शिकायत पर झिंझाना थाने में तैनात आरक्षी को लाइन हाजिर किया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जनपद में फायर सर्विस में तैनात फायरमैन ओमवीर के बार-बार ड्यूूटी से अनुपस्थित रहने और नशे की हालत में मिलने की शिकायत मिल रही थी। फायरमैन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके अलावा झिंझाना निवासी एक युवक ने उन्हें फोन पर शिकायत की गई कि धर्मपाल नाम के एक पुलिसकर्मी द्वारा पासपोर्ट वेरीफिकेशन के नाम पर उनके परिजनों को परेशान किया जा रहा है। इस शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया गया और इसकी जांच सीओ कैराना द्वारा कराई गई। धर्मपाल पुलिसकर्मी न होकर वह होमगार्ड विभाग में प्लाटून कमांडर होना पाया गया। उसकी ड्यूटी भी झिंझाना थाने पर नहीं थी। झिंझाना थाना कार्यालय में नियुक्त आरक्षी कुर्बान अली द्वारा पार पत्र की जांच नियमानुसार हल्का प्रभारी को न देकर पीसी होमगार्ड को दी थी। सीओ कैराना की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षी कुर्बान अली तो तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए गए है। साथ ही झिंझाना थाना प्रभारी के शिथिल पर्यवेक्षण को देखते हुए व्यक्तिगत पत्रावली पर कठोर चेतावनी जारी की गई। साथ ही पीसी होमगार्ड के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए होमगार्ड विभाग के जिला कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।