शामली/बाबरी। बाबरी में गेहूं की थ्रेसिंग करते हुए ट्रैक्टर से निकली चिंगारी के चलते गेहूं की फसल में आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रैक्टर और मशीन भी जल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
बाबरी निवासी ताराचंद सैनी के खेत में रविवार को गेहूं की थ्रेसिंग की जानी थी, जिसके चलते बाबरी निवासी राजेंद्र अपने ट्रैक्टर और थ्रेसिंग मशीन को लेकर खेत में पहुंच गए।
उन्होंने गेहूं की थ्रेसिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि इसी दौरान ट्रैक्टर के साइंलेंसर से निकली चिंगारी से वहां एकत्र किए गए गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रैक्टर और मशीन को जला दिया।
ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग को बड़ी मुश्किल से बुझाया जा सका। इसी दौरान राजेंद्र तथा वहां मौजूद एक अन्य युवक सुशील आग की लपटों में झुलस गए। इस हादसे में किसानों को भारी नुकसान हुआ है।