पराली से लदी ट्राली में लगी आग
कैराना। कांधला बस अड्डे के पास हरियाणा की और से आ रही पराली से लदी ट्रैक्टर ट्राली में आग लगने से अफरातफरी मच गई। लोगों ने जलती पराली को ट्राली से नीचे सड़क पर गिराया। बाद में फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पराली के राख बनने तक आग सुलगती रही।
शनिवार दोपहर करीब दो बजे थाना बुढ़ाना के गांव दभेड़ी निवासी वसीम हरियाणा के पानीपत से ट्रैक्टर ट्राली में पराली लादकर कांधला की ओर जा रहा था। तीतरवाड़ा चुंगी के पास सड़क किनारे कूड़े के ढेर में लगी आग से निकली चिंगारी ट्रैक्टर-ट्राली में लदी पराली पर जा गिरी। इससे ट्राली में लदी पराली में भी आग लग गई। कांधला बस अड्डे पर ट्राली पहुंची तो आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चलती ट्राली से आग की लपटें देख मौके पर अफरातफरी मच गई। ट्रैक्टर चालक व अन्य लोगों ने जलती पराली को ट्राली से नीचे सड़क पर गिरा दिया। सड़क के बीचोंबीच गिरी पराली जलती रही। पुलिस ने जलती पराली के पास से एक-एक वाहन को आगे निकाला। करीब एक घंटे बाद पराली के राख होने तक आग सुलगती रही। गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई व्यक्ति या वाहन नहीं आया।