बिडौली की ग्राम पंचायत गुर्जरपुर के मजरा रामनगर में सिलिंडर में लगी आग। स्रोत वीडियोग्रेब
बिडौली। ग्राम पंचायत गुर्जरपुर के मजरा रामनगर में शुक्रवार दोपहर रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में लीकेज होने से आग लग गई। युवती ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जलते हुए सिलिंडर को घर से बाहर फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
रामनगर निवासी अंग्रेज सिंह की 18 वर्षीय पुत्री निपुण दोपहर के समय रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलिंडर में लीकेज हो गया और उसमें आग लग गई। आग की लपटें देखकर निपुण ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाते हुए जलते सिलिंडर को रसोई से बाहर फेंक दिया। बेटी को चिल्लाते देख अंग्रेज सिंह की पत्नी बृजेश, जो उस समय घर के आंगन में पशुओं को चारा डाल रही थीं, मौके पर पहुंची।
सिलिंडर में आग लगी देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सिलिंडर में आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें घर के आंगन में खड़े पेड़ के आधे हिस्से तक पहुंच गईं। ग्रामीणों की तत्परता और युवती की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जांच अधिकारी ओमवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।