थानाभवन (शामली)। गांव जोगियाखेड़ा निवासी महिला ने पति के खिलाफ तीन तलाक देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव जोगियाखेड़ा निवासी रहनुमा प्रवीन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 24 जुलाई 2011 में थानाभवन क्षेत्र के गांव हींड निवासी गुलफाम अली से हुई थी। शादी के कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक रहा। मगर, कुछ समय बाद पति, सास, पति का भांजा आदि लोग उसका उत्पीड़न करने लगे। समझाने के बावजूद यह लोग नहीं माने तो उसने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। फिलहाल उनका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। बताया कि वह अपने घर जोगियाखेड़ा में रह रही है। एक सितंबर को वह अपनी कुछ जरूरी कागज लेने के लिए हींड गांव आई थी। आरोप है कि पहले तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ अभद्रता की और फिर पति गुलफाम ने उसे तीन तलाक दे दिया है। महिला ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर गुलफाम के खिलाफ तीन तलाक देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।