रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाभवन। क्षेत्र के गांव मस्तगढ़ में सोमवार को रिश्तेदारों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
गांव नोजल निवासी जयकुमार ने बताया कि उसने अपने रिश्तेदार रमेश को करीब 10 हजार रुपये उधार दिए थे। सोमवार को वह रकम वापस लेने के लिए गांव मस्तगढ़ पहुंचा तो इस बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि पड़ोसी दो भाइयों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। जयकुमार ने पुलिस से दोनों भाइयों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी जयकुमार और उसके तीन साथियों पर गाली-गलौज और हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।