फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: 50 से ज्यादा स्थानों पर आया फाल्ट, विद्युत आपूर्ति रही ठप

Sun, 03 Mar 2024 01:38 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण 50 से अधिक स्थानों पर फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप रही। जिला अस्पताल की विद्युत लाइन में फाल्ट आने के कारण मरीजों के एक्सरे नहीं हो पाए। जिसमें बिना एक्सरे कराए ही मरीजों को वापस जाने को मजबूर होना पड़ा। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से कई मोहल्लों में नागरिकों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

जिले में शुक्रवार रात दस बजे से अचानक से आसमान में बादल छा गए और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। रात में कई बार रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने से विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। शनिवार सुबह को भी कई बार बूंदाबांदी हुई और तेज हवा चलती रही। जिले में शामली शहर समेत 50 से अधिक स्थानों पर विद्युत लाइनों में फाॅल्ट आने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शहर के अलावा गांव देहात में बिजली आपूर्ति ठप रही। शनिवार को भी दिनभर विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी हुई। सुबह से ठप हुई आपूर्ति में शहर में कई मोहल्लों में दयानंद नगर, रेलपार, सीबी गुप्ता कालोनी, कैराना मार्ग आदि स्थानों पर पेयजल की समस्या बनी रही। लोग हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर रहे।
जिला अस्पताल की विद्युत लाइन में फाल्ट आने पर रात में करीब डेढ़ बजे विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। विद्युत आपूर्ति ठप होने से जिला अस्पताल में सुबह ओपीडी के समय जेनरेटर चलाकर लाइट की व्यवस्था की गई, लेकिन जेनरेटर से एक्सरे मशीन न चलने से मरीजों के एक्सरे नहीं हो सके। चिकित्सकों ने मरीजों को सोमवार को एक्सरे कराने की बात कहकर वापस भेजा। शाम तक शहर में बिजली की आवाजाही की स्थिति रही। दिनभर लाइन मैन के साथ ही विद्युत निगम की टीम पेट्रोलिंग करते हुए विद्युत फॉल्ट खोजती रही। कई जगहों पर फॉल्ट ठीक किए गए।
विज्ञापन

नहीं हुए एक्सरे, बैरंग ही लौटे
मोहल्ला कलंदरशाह निवासी यामीन ने बताया कि वह सुबह दस बजे एक्सरे कराने आया था। दो घंटे हो गए, बिजली नहीं आई। अब वह घर जा रहा है। मोहल्ला दयानंद नगर निवासी विनोद ने बताया कि वह जिला अस्पताल में एक्सरे कराने आया था। यहां आकर पता चला कि बिजली नहीं होने के कारण एक्सरे नहीं हो रहे हैं। आने-जाने में ई रिक्शा में 40 रुपये किराया खर्च हो गया। एक्सरे करने वाले कर्मचारी रवि ने बताया रोजाना औसतन 50 से ज्यादा मरीजों के एक्सरे होते हैं, लेकिन शनिवार को बिजली न होने के कारण एक्सरे नहीं हो पाए। जिला अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट ताहिर बेग ने बताया कि दोपहर में करीब साढ़े 12 बजे विद्युत लाइन में आया फाल्ट ठीक होने के बाद बिजली आ गई थी। इसके बाद जो मरीज आए उनके एक्सरे हुए हैं। एक्सरे मशीन को छोड़कर पूरे अस्पताल में जेनरेटर से बिजली चलती रही।

बूंदाबांदी व तेज हवा चलने से जिलेभर में कई स्थानों पर लाइन में फाल्ट आने की वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सुबह से ही कर्मचारी फाल्ट ठीक करने में लगे रहे। फाल्ट ठीक होने पर विद्युत आपूर्ति चालू हो गई।
- रवींद्र प्रकाश, अधिशासी अभियंता खेड़ीकरमू बिजलीघर।
फिर बदला मौसम, बरते सावधानी, लापरवाही पड़ेगी भारी
शामली। जिले का मौसम बार-बाद बदल रहा है। शुक्रवार रात से फिर से मौसम बदल गया है। बूंदा-बांदी और तेज हवा चलने से मौसम ठंडा हो गया है। मौसम में आए बदलाव की वजह से लोगों की सेहत बिगड़ सकती है। सरकारी व निजी अस्पतालों में नजला, खांसी और वायरल बुखार के मरीज पहले ही ज्यादा आ रहे हैं। अब मौसम जिस तरह से बदला है, उसमें अगर लापरवाही बरती गई तो बीमार हो सकते हैं। इसलिए सावधानी व बचाव करना जरूरी है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया वायरल बुखार, नजला व खांसी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। अब फिर से जिस तरह से मौसम बदला है, उसमें अगर लोग सावधानी नहीं बरतेंगे तो बीमार होने का खतरा रहेगा। लोगों को बूंदों में नहीं भीगना चाहिए और तेज हवा से बचाव के लिए पर्याप्त कपड़े पहनने चाहिए। सुबह-शाम की ठंड से बचाव के लिए ऊनी व गर्म कपड़े पहनने चाहिए। खानपान में भी सावधानी बरतनी चाहिए। घर पर बना ताजा भोजन लेना चाहिए। बाजार में बनी चीजों को खाने से परहेज करना चाहिए। ज्यादा ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए। साफ ताजा व गुनगुना पानी पीना चाहिए। उनका कहना है कि अगर किसी को कोई परेशानी होती है तो चिकित्सक की सलाह से ही दवा ले। अपने आप कोई दवा न लें।
शहर के कई इलाकों में आज बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति

शामली। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता नरेश कुमार ने बताया रविवार को इंडस्ट्रियल पोषक के जर्जर तार बदलने का कार्य किया जाएगा। इसके कारण शहर की कमला कॉलोनी, गगन विहार, विश्वकर्मा नगर, सीबी गुप्ता कॉलोनी, काका नगर, दयानंद नगर, पटेल नगर आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुबह 9 से लेकर दोपहर 2 बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जानकारी दी जा रही है। प्रयास रहेगा कि एक दिन में ही कार्य को पूरा कर लिया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें