कैराना वाहन परमिशन के लिए एसडीएम कार्यालय के बाहर लगी लाइन
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। लॉकडाउन में वाहनों का संचालन बंद है। इसके चलते लोगों के सामने अपनों को लाने और ले जाने की समस्या बनी है। इसके चलते एसडीएम कार्यालय पर वाहनों की परमिशन लेने के लिए लोगों की लाइन लग रही है।
लॉकडाउन के 10वें दिन बृहस्पतिवार सुबह एसडीएम कार्यालय के बाहर वाहनों की परमिशन लेने वालों की लाइन लगी थी। लाइन में लगे इंजतार अंसारी ने बताया कि उसकी बहन और बुआ 12 दिन पहले शादी में यहां आई थी, लेकिन वापस सहारनपुर जाने के लिए कोई साधन नहीं है। इस कारण वो वाहन की परमिशन लेने के लिए यहां आए हैं। खलीक निवासी खुरगान रोड ने बताया कि उसकी आटा चक्की है। मोहल्ले में आटा खत्म हो गया, जिस कारण वह शामली से अनाज लाने के लिए वाहन की परमिशन लेने आया है। संजय निवासी ऊंचागांव ने बताया कि उसके पिता हार्ट की समस्या के कारण 13 मार्च से पानीपत हास्पिटल में एडमिट है। वह अपने पिता को पानीपत से लाने के लिए वाहन की परमिशन लेने आया है। जरीफ निवासी गुलशननगर ने बताया कि लॉक डाउन के चलते मजदूरी बंद हो गई। घर का खर्च चलाने के लिए वह सब्जी बेचने की परमिशन लेने के लिए आया है। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि बहुत जरूरी मामलों में ही परमिशन दी जा रही है।