मकान बनाने के विवाद में बाप-बेटे पर हमला
थानाभवन। मकान बनाने का विरोध कर रहे लोगों को रोका तो आरोपियों ने मारपीट करते हुए पिता-पुत्र का सिर फोड़ दिया। घायलों ने मेडिकल के बाद थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
कस्बे के मोहल्ला शाहविलायत निवासी धर्मवीर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पैसे मिलने के बाद अपने मकान को बना रहे हैं। मंगलवार को पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के तीन चार लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा बनाने का विरोध करने लगे। जब उन्होंने उक्त लोगों को रोकने का प्रयास किया. तो आरोप है कि उक्त लोगों ने लाठी-डंडे लेकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके व बेटे सचिन के सिर में गंभीर चोट आई। शोरशराबा होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।