शामली। आलू के गिरते भाव और शीतगृहों में भंडारण के खर्च से परेशान किसानों के लिए उद्यान विभाग ने राहत की पहल की है।
जिला उद्यान अधिकारी रचना सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को https://potato.uphorticulture.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। किसान स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं। भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के तहत आलू के भाव गिरने पर पात्र किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। एक किसान को अधिकतम 200 क्विंटल तक का लाभ मिलेगा। वहीं निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 200 क्विंटल पर 20 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
योजना में अधिकतम अनुमन्य क्षेत्रफल दो हेक्टेयर है। पंजीकरण के दौरान आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, खसरा-खतौनी, जिसमें रोपित आलू का क्षेत्रफल स्पष्ट हो, का विवरण देना अनिवार्य है। पंजीकरण कराने वाले किसानों को शीतगृह के भाड़े में छूट के साथ विभागीय आलू बीज पर देय अनुदान का लाभ भी मिल सकेगा। अधिक जानकारी के लिए किसान किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, शामली में संपर्क कर सकते हैं।