थानाभवन/गढ़ीपुख्ता। गेहूं खरीद केंद्रों पर एक किसान से अधिकतम 20 क्विंटल गेहूं खरीदने को लेकर किसानों में आक्रोश फैल गया। थानाभवन मंडी समिति में संचालित क्रय केंद्र पर किसानों ने गेहूं की तौल नहीं होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में गन्ना मंत्री और डीएम केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को शांत किया। उधर, हथछोया केंद्र पर भी किसानों ने 20 क्विंटल गेहूं खरीदने को लेकर हंगामा किया।
थानाभवन मंडी समिति पर किसान दो दिन से हंगामा कर रहे थे। बृहस्पतिवार को किसान प्रदीप, अब्दुल जब्बार, पदम सिंह, रतन सिंह, अब्दुल कलाम आदि का आरोप लगाया कि वे कई दिनों से अपना गेहूं लेकर क्रय केंद्र पर लाइन में खड़े हैं, लेकिन उनके गेहूं की तुलाई नहीं हो रही है। आरोप है कि क्रय केंद्र प्रभारी एक किसान से सिर्फ 20 क्विंटल गेहूं ही खरीद रहे हैं। कुछ किसानों ने गन्ना मंत्री सुरेश राणा से मामले की शिकायत की। इस पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा और डीएम जसजीत कौर क्रय केंद्र पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
गन्ना मंत्री ने कहा कि सरकार ने सभी किसानों का गेहूं खरीदने के लिए हर किसान से 20 क्विंटल गेहूं खरीदने का आदेश दिया था, लेकिन से अब 30 क्विंटल प्रतिदिन कर दिया गया है। यदि किसान का गेहूं 30 क्विंटल से ज्यादा है तो वह उसी पंजीकरण पर वह अगले दिन बाकी का गेहूं तुलवा सकते हैं।
उधर, ऊन तहसील क्षेत्र के गांव हथछोया में किसान सहकारी समिति पर संचालित गेहूं क्रय केंद्र पर एक किसान से 20 क्विंटल गेहूं खरीदने को लेकर किसानों ने हंगामा किया। इस केंद्र पर हथछोया, पिंडोरा जहांगीरपुर, आकापुर उर्फ फूंसगढ़, मुंडेट खादर, सांपला, भाट्टू गांव लगते हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से क्रय गेहूं केंद्र पर चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनका गेहूं नहीं खरीदा जा रहा। हंगामा करने वालों में गागौर से रामनिवास, सुधीर, पिंडौरा से वीरेंद्र सिंह संजीव, डॉ. सुशील, चरण सिंह, बृजपाल, रोबिन, सुधीर आदि मौजूद रहे। क्रय केंद्र प्रभारी ने बताया कि अब तक 4382 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। उधर, हंगामे की सूचना पर दोपहर बाद तहसीलदार ऊन एसडी पंवार क्रय केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक दिन में एक किसान से 30 क्विंटल गेहूं की खरीद हो सकेगी।