शामली। गन्ना डेलीगेट संयुक्त मोर्चा के आह्वान किसानों ने शामली सहकारी गन्ना समिति के परिसर में सोमवार को धरना दिया। आरोप लगाया कि गन्ना पर्चियों के प्रकाशन और पर्ची वितरण में भारी खामियां आ रही हैं, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान समिति के ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक के साथ किसानों की कहासुनी हुई। चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आमरण अनशन किया जाएगा।
सोमवार को जिले के सैकड़ों किसानों ने शामली गन्ना सहकारी समिति कार्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए धरना दिया। इस दौरान कार्यालय में पहुंचे ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक उपेंद्र कुमार के साथ किसानों की कहासुनी हुई। किसान नेता राजवीर सिंह मुंडेट ने बताया कि गन्ना सहकारी समिति द्वारा गन्ना पर्चियों का प्रकाशन कराया गया है। जिसमें पर्चियों के प्रकाशन में भारी अशुद्धियां हैं। साथ ही समय पर किसानों को वितरण नहीं हो रहा है। धरनारत किसानों ने अनियमितताओं को ठीक कराने की मांग की है।
इसके अलावा किसानों ने चीनी मिलों द्वारा अभी नए स्वीकृत गन्ना खरीद केंद्र चालू न करने और ट्रैक्टर-ट्राली की पर्चियों को बोगी में दिए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर कांधला के पूर्व प्रमुख विनोद मलिक, गन्ना डेलीगेट संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष रणधीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, हरवीर प्रधान, मकसूदा, इंद्रपाल सिंह, सुंदरलाल, हरवीर सिंह, राजपाल सल्फा आिद रहे।