शामली। चौसाना क्षेत्र के किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का झूठा मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में शुक्रवार को एक्सईएन प्रथम कार्यालय का घेराव किया। कहा कि किसानों को परेशान किया जा रहा है। विधायक प्रसन्न चौधरी के नेतृत्व में किसान एक्सईएन से मिले तथा जल्द से जल्द मुकदमे समाप्त कराने की मांग की।
विधायक प्रसन्न चौधरी, सरोज आदि के नेतृत्व में चौसाना के किसान एक्सईएन कार्यालय पहुंचे। चौसाना, सुंदरनगर, जिजौला आदि के किसान तौफीक, यासीन, इंतजार, बलवंत, नौशाद आदि ने बताया कि दो दिन पूर्व ही उनके घरों पर पुलिस पहुंची। बताया कि उनके खिलाफ करीब एक साल पूर्व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया था। दो दिन के अंदर कार्रवाई की बात पुलिस ने कहीं। जिसको लेकर किसानों में विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश है। किसानों का कहना है कि एक साल पूर्व उन्होंने खुद ही बिजली मीटर उतारकर बिजलीघर के अंदर जमा करा दिए थे। इसके बावजूद उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर परेशान किया जा रहा है। जिसे वह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। एक्सईएन ने अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।
रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि किसानों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। एक्सईएन ने अधिकारियों से बात कर समाधान का आश्वासन दिया है। यदि किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन करने से भी पीछा नहीं हटा जाएगा। एसई का कहना है कि मामले की जानकारी कराई जाएगी।