शामली में भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट में जोरदार हंगामा करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर किसान से रंगदारी मांगने, जलालाबाद में कब्रिस्तान की जमीन पर कूड़ा डालने और तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे सहित कई मामलों में कार्रवाई की मांग की गई।
भाकियू (भानु गुट) के राष्ट्रीय महासचिव अनिल मलिक, जिलाध्यक्ष श्याम सिंह रोड के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की भीड़ शनिवार दोपहर कलक्ट्रेट पहुंची। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीएम सदर एमपी सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा कि जलालाबाद के मोहल्ला सकाजीपुरा के निकट कब्रिस्तान की भूमि पर साजिश के तहत अवैध कब्जा करने के लिए कूड़ा डाला जा रहा है। इसकी वजह से तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। उनकी मांग है कि कब्रिस्तान की चार दीवारी कराकर विवाद का निस्तारण कराया जाए।
यह भी कहा गया कि गांव चूनसा निवासी भाकियू के राष्ट्रीय सचिव कंवरपाल सिंह से रंगदारी मांगने के मामले में शीघ्र कार्रवाई कराई जाए क्योंकि जब से किसान के घर रंगदारी की चिट्ठी पहुंची, तब से उनका परिवार दहशत में है। पीड़ित किसान के परिवार की जानमाल की सुरक्षा कराई जाए।
इसके अलावा गांव गोसगढ़ अहाता निवासी युवा जिलाध्यक्ष प्रवीण सैनी और उनके परिवार को गांव के ही कुछ लोगों से जान का खतरा बना हुआ है। गांव में जमीन के विवाद को लेकर प्रवीण सैनी को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश की जा रही है।
इस मामले में कार्रवाई को भी जरूरी कदम उठाया जाए। इस दौरान अनिल मलिक, श्याम सिंह रोड, देशबंधु कौशिक, इरशाद, शाकिर, नाजिम, ताहिर, इंतजार, महबूब, अनवर, सलमान, नसीम, शकील और साजिद आदि मौजूद रहे।