शामली। किसानों ने गन्ना विकास एवं चीनी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा से लखनऊ स्थित कार्यालय पर पहुंचकर मुलाकात की। किसानों ने कहा कि विदेश से चीनी आयात किया जाना किसानों के लिए नुकसान दायक है। केंद्र सरकार को इस पर किसान हित में निर्णय लेना चाहिए।
मंगलवार को संजीव कुमार मलिक पूर्व प्रधान कुरमाली के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधि मंडल ने राज्यमंत्री सुरेश राणा से मुलाकात कर कहा कि वर्ष 2002-03 की गन्ना, शीरा एवं आबकारी नीति के आधार पर लागू की जाए। उससे किसानों, शुगर इंडस्ट्री तथा बेरोजगारों को लाभ मिलेगा। साथ ही किसानों ने कहा कि विदेश से चीनी आयात पर केंद्र सरकार को रोक लगानी चाहिए।
यदि विदेश से चीनी आएगी तो प्रदेश तथा समूचे देश के किसानों को उसका नुकसान उठाना पड़ेगा। राज्यमंत्री सुरेश राणा ने प्रतिनिधि मंडल से कहा कि किसानों के हित में अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। विदेश से चीनी आयात पर केंद्र सरकार को निर्णय करना है। वह किसानों की बात पार्टी हाईकमान तक पहुंचाएंगे।