फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: किसानों की होली फीकी, चीनी मिलों पर 243.64 करोड़ रुपये बकाया

Tue, 03 Mar 2026 12:26 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। इस बार भी जिले के किसानों की होली फीकी रहेगी। जिले की तीनों चीनी मिलों पर कुल 243.64 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है। सबसे अधिक बकाया बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड की थानाभवन मिल पर है।
विज्ञापन

जिले में थानाभवन मिल का पेराई सत्र दो नवंबर, शामली मिल का पांच नवंबर और ऊन मिल का नौ नवंबर से शुरू हुआ था। करीब 120 दिन के पेराई सत्र के बाद भी किसानों का भुगतान अटका हुआ है। आंकड़ों के अनुसार थानाभवन चीनी मिल पर 162.90 करोड़ रुपये, शामली मिल पर 36.65 करोड़ रुपये और ऊन मिल पर 44.09 करोड़ रुपये बकाया है।
थानाभवन मिल 66 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुकी है। वहीं शामली मिल 80 से 85 लाख क्विंटल और ऊन मिल भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पेराई कर रही है।

थानाभवन मिल के गन्ना महाप्रबंधक लेखपाल सिंह ने बताया कि इस सत्र में 233 करोड़ 85 लाख रुपये के सापेक्ष 68 करोड़ 30 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अंतिम भुगतान 28 फरवरी को किया गया।
विज्ञापन

शामली मिल के गन्ना महाप्रबंधक सतीश बालियान ने बताया कि 25 जनवरी तक का बकाया भुगतान कर दिया गया है और नए पेराई सत्र में 84 प्रतिशत किसानों का भुगतान हो चुका है। ऊन मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना कुलदीप पिलानिया के अनुसार 25 जनवरी तक का भुगतान गन्ना समिति को भेज दिया गया है।

किसानों की पीड़ा
ढिंढाली गांव के किसान रवि सिरोही का कहना है कि उन पर लगभग तीन लाख रुपये का भुगतान बकाया है। होली जैसे बड़े त्योहार पर भी भुगतान नहीं किया गया।
पिंडौरा निवासी अजय चौधरी ने बताया कि 21 जनवरी तक का भुगतान हुआ है, जबकि सवा लाख रुपये से अधिक अभी बकाया हैं। त्योहार पर भुगतान न होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जल्द बंद होंगी थानाभवन व ऊन मिल
कम गन्ना उपलब्धता के चलते इस बार सबसे पहले थानाभवन और ऊन मिल का पेराई सत्र जल्द समाप्त होगा। थानाभवन मिल 20 मार्च के आसपास बंद हो सकती है और करीब 75 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य है। ऊन मिल 15 से 20 मार्च के बीच बंद होने की संभावना है। वहीं शामली मिल आगामी 13 अप्रैल तक चलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें