किसान ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे करेंगे जाम
शामली। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में गठवाला खाप के चौधरी किसानों के साथ जल्द ही दिल्ली कूच करेंगे। दिल्ली-शामली,सहारनपुर मार्ग पर खेकड़ा के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस हाईवे पर बृहस्पतिवार को चक्का जाम करेंगे।
बुधवार को गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक के आवास पर बैठक करके दिल्ली कूच के लिए विचार विमर्श किया गया। लिसाढ़ गांव में गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक के पुत्र राजेंद्र मलिक ने बताया कि उनके आवास पर केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली आंदोलन को सफल बनाने के लिए गठवाला खाप के गांवों में जनसंपर्क किया रहा है। जल्द ही गठवाला खाप के किसान दिल्ली के लिए कूच करेंगे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को खेकड़ा ईस्टर्न पेेेरिफेरल एक्सप्रेस हाईवे व दिल्ली- शामली, सहारनपुर मार्ग पर चक्का जाम करेंगे। चक्का जाम में बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र के किसानों का सहयोग लिया जाएगा। उधर, गठवाला खाप के बहावडी थांबेदार श्याम सिंह ने बताया कि वह सिंघु बार्डर और दिल्ली गेट पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मिलकर दिल्ली आंदोलन का समर्थन कर चुके हैं। वह बृहस्पतिवार को दूसरे कार्यक्रम की व्यस्तता के चलते दिल्ली नही जाएंगे।