शामली। परिषदीय विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकों और यूनिफार्म का वितरण होने का दावा विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है, लेकिन शत-प्रतिशत वितरण पर सवाल सवाल खड़े हो रहे है। कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है और आधा दिसंबर भी बीत चुका है, लेकिन छात्र-छात्राओं को स्वेटर और जूते का वितरण नहीं हो सका है।
जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित होने वाले लगभग 593 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय है। इन विद्यालयों में लगभग 76 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को शासन की तरफ से निशुल्क पाठ्य पुस्तकें और यूनिफार्म वितरित की जाती है। विभागीय अधिकारी शत-प्रतिशत यूनिफार्म का वितरण होने का दावा कर रहे हैं, जबकि अभी भी कुछ बच्चे यूनिफार्म से वंचित हैं। इसकी वजह ये बताई गई कि जिन बच्चों की यूनिफार्म की माप सहीं नहीं थी, वो वापस भेजी गई थी, लेकिन इसके बाद बच्चों को नहीं मिली। उधर, अब कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। नौ दिसंबर को विभाग की तरफ से बनत में स्वेटर व जूते वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, लेकिन उसमें कुछ ही छात्राओं को स्वेटर व जूते वितरित किए गए थे। इसके बाद बच्चों को स्वेटर अभी तक वितरित नहीं हुए।
ये बोले अभिभावक
मेरी बेटी मरियम कक्षा पांच में पढ़ती है। उसे यूनिफार्म और किताबें मिल गई थी, लेकिन अभी तक स्वेटर व जूते नहीं मिले हैं। - जमुरत बेगम, बरखंड़ी।
--
मेरी बेटी तरन्नुम कक्षा-6 में, बेटे जीशान और फिरोज कक्षा तीन में पढ़ते हैं। तरन्नुम को यूनिफार्म मिली थी, लेकिन दोनों बेटों को अभी यूनिफार्म नहीं मिली। स्वेटर व जूते तो तीनों बच्चों नहीं मिले। - साजिदा, नौकुआं रोड घेर बुखारी।
--
मेरा बेटा कक्षा छह में पढ़ता है। जुलाई में यूनिफार्म मिली थी, लेकिन टाई नहीं मिली। स्वेटर व जूते अभी तक नहीं मिले। - विकास कुमार, मुंडेट।
--
मेरा पुत्र कक्षा तीन में पढ़ता है। यूनिफार्म मिल गई है, लेकिन सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर व जूते नहीं मिले हैं। - परमेंद्र , मुंडेट।
कोट
परिषदीय विद्यालयों में स्वेटर वितरण का कार्य चल रहा है। जल्द ही सभी स्कूलों में बच्चों को स्वेटर और जूते वितरित कर दिए जाएंगे। - सुधीर कुमार, जिला समन्वयक।
- पिछले साल स्कूल में ही बच्चों को समय पर स्वेटर वितरित किए गए थे। इस बार कोरोना की वजह से विद्यालयों में बच्चे नहीं आ रहे हैं। इस वजह से विद्यालय में अभिभावकों को बुलाकर बच्चों के स्वेटर वितरित किए जा रहे हैं। 30 दिसंबर तक स्वेटर वितरण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। - गीता वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी