जलालाबाद। कस्बे की गन्ना सोसाइटी पर इन दिनों खाद की भारी किल्लत के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि खाद मिलने की उम्मीद में किसान सुबह ही घरों से निकलकर सोसाइटी परिसर के बाहर लंबी कतारों में लगने के लिए मजबूर हैं। सोसाइटी पर खाद की आपूर्ति सीमित होने और किसानों की संख्या अधिक होने के कारण हर दिन भारी भीड़ उमड़ रही है। तपती धूप और उमस के बीच किसान घंटों इंतजार करने के बाद भी कई बार खाली हाथ लौट रहे हैं।
किसान मनोहर, मनवीर, दीपक का कहना है कि एनपीके खाद के दामों में हुई बढ़ोतरी ने उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। वहीं सबसे बड़ी समस्या डाई यानी डीएपी खाद की कमी को लेकर है, जिससे फसलों की बुवाई और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
सोसाइटी प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि डाई खाद की आखिरी सप्लाई पिछले महीने हुई थी, जिसके बाद से कोई नई खेप नहीं आई है। किसान किशोरपुर, नागल, उमरपुर, सोहनजनी, डेरा सहित कई गांवों से खाद लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
किसान बिसंबर सिंह, जयपाल चौधरी, राकेश, संजय और नीरज ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सोसाइटी पर खाद की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बढ़ी हुई कीमतों पर नियंत्रण लगाया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके।