शामली क्षेत्र के गांव कुड़ना में गन्ना तोल केंद्र पर घटतौली का विरोध करते किसान । संवाद
शामली। गांव कुड़ाना स्थित गन्ना तौल केंद्र पर घटतौली का आरोप किसानों ने लगाया। घटतौली और एडवांस डाले गए गन्ने की पर्ची नहीं काटने के विरोध में किसानों ने खूब हंगामा किया। मौके पर मिल अधिकारियों ने पहुंचकर तौल चालू कराने की कोशिश की, मगर किसानों ने तौल चालू नहीं होने दिया।
बृहस्पतिवार को कुड़ाना स्थित सरशादी लाल मिल के तौल केंद्र पर घटतौली करने को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा करते हुए तौल बंद करा दिया। आदमपुर के किसान विपिन ने बताया कि वह धर्म कांटे पर गन्ना वाहन का वजन चेक कराकर लाया था। तौल केंद्र पर पहुंचकर वजन देखा तो 45 किलो का अंतर पाया गया। जिसके बाद किसानों ने हंगामा करते हुए तौल बंद करा दिया। सुबह से दोपहर तक तौल बंद रहने से मुख्य मार्ग पर गन्ना वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
किसान धर्मेंद्र, संदीप व गौरव ने बताया कि तौल कर्मचारी पर किसानों के द्वारा एडवांस में करीब 600 क्विंटल गन्ना डाल रखा है, जिसे तौल कर्मचारी मिल में गन्ना घटने के कारण बताते हुए किसानों की पर्ची नहीं काट रहा है। जिसका किसानों ने जमकर विरोध किया। तौल लिपिक सुनील सहरावत का आरोप है कि वह पिछले 12 दिन से तौल कर रहे हैं। मिल ने केंद्र का गन्ना घटा दिया है, जिसके कारण किसानों के एडवांस डाले गए गन्ने की पर्ची नहीं काटी जा रही। मिल अधिकारियों पर कर्मचारियों के शोषण का भी आरोप लगाया।
हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे मिल अधिकारी किरणपाल, कंवरपाल, अनिल व केन जीएम ने कांटा चेक कराते हुए अंतर को दूर कराया। वहीं किसानों के द्वारा डाले गए एडवांस गन्ना दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान गौरव, परिवर्तन, अरविंद, रमेश, बिट्टू, नीरज, प्रमोद, छोटू, अमरपाल, मास्टर कंवरपाल आदि किसान मौजूद रहे। किसानों ने जिलाधिकारी से भी मामले की शिकायत करने की बात कही है।