अध्यादेशों के खिलाफ हुंकार भरेंगे किसान और व्यापारी
शामली। केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि, व्यापार संबंधी अध्यादेशों के खिलाफ सोमवार को विभिन्न संगठन हुंकार भरेंगे। भारतीय किसान यूनियन के साथ ही युवा रालोद, सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर ज्ञापन देंगे। इसके साथ ही अध्यादेश के विरोध में शामली मंडी में भी छह दिन के लिए हड़ताल पर रहेगी।
केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि- व्यापार संबंधी अध्यादेश के खिलाफ सोमवार को भाकियू कार्यकर्ता कलक्ट्रेट मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन देंगे। अध्यादेश के खिलाफ शामली मंडी व व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश संगल ने बताया कि सोमवार को कृषि- व्यापार संबंधी अध्यादेश के खिलाफ शामली मंडी बंद रखेंगे। अगर कोई किसान अपना गुड़ एंव खांडसारी लेकर आता है, तो मंडी के व्यापारी माल उतरवाकर सुरक्षित रखेंगे। 26 सितंबर तक मंडी बंद रहेगी। रालोद छात्र सभा के जिला महामंत्री राजन जावला ने बताया कि सोमवार को युवा रालोद और छात्र सभा के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। डीएम को ज्ञापन देंगे। सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि सोमवार को तहसील स्तर पर ज्ञापन दिए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है। उधर, भारतीय किसान संघ ने कृषि व्यापार संबंधी अध्यादेश में कुछ सुझाव दिए हैं। जिला महामंत्री देशराज शर्मा ने बताया कि निजी व्यापारियों का केंद्र सरकार में पंजीयन आवश्यक है। बैंक सिक्योरिटी और सरकारी पोर्टल डाटा उपलब्ध करने, स्वतंत्र कृषि न्यायालय की स्थापना की जानी चाहिए।