शामली। किसानों को किए गए वादे के मुताबिक अपर दोआब चीनी मिल की ओर से दूसरी किस्त के 47 करोड़ रुपये शामली गन्ना समिति के खाते में न आने पर नाराज सर्वखाप समन्वय किसान मंच के पदाधिकारी, खाप चौधरी और किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम से बकाया गन्ना भुगतान की मांग की। नवागत डीएम अरविंद कुमार चौहान ने आश्वासन दिया कि मिल के यूनिट हैड को बुलाकर स्पष्टीकरण लिया जाएगा। प्रशासन की तरफ से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अपर दोआब चीनी मिल को किसानों से किए वादे के मुताबिक वर्ष 2022-23 के पेराई सत्र की 47 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त शामली गन्ना समिति के माध्यम से 24 सितंबर को किसानों के खाते में भेजी जानी प्रस्तावित थी।
सर्वखाप समन्वय किसान मंच के अध्यक्ष मास्टर संजीव चौधरी ने कहा कि वादे के मुताबिक बकाया भुगतान नहीं करने पर त्रिवेणी ग्रुप संदेह के घेरे में आ रहा है। एडीएम संतोष कुमार ने मिल की इस मनमानी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को खाप चौधरियों और किसानों के प्रतिनिधि मंडल के सामने मिल के यूनिट हैड को बुलाकर स्पष्टीकरण लिया जाएगा। डीएम ने कहा कि वह इस संबंध में कोई कोताही नहीं बरतेंगे।
इस दौरान कालखंडे खाप के चौधरी संजय कालखंडे, शोकेंद्र सिंह भैसवाल, बाबा संजीव हसनपुर, श्रीपाल प्रधान करोड़ी, रणपाल निर्वाल, संजीव, यशपाल सिंह, देवा, शमशाद, सुरेंद्र आर्य, अजीत, कंवरपाल, विनोद, ललित बनत, मनोज झाल, जितेंद्र, नेपाल सिंह, संजय, अनिल प्रधान, देवराज पहलवान, बलराज, मनजीत, सतबीर आदि मौजूद रहे।
यूनिट हैड को जारी किया नोटिस
डीसीओ रणजीत सिंह सिसौदिया का कहना है कि शामली मिल के यूनिट हैड डाक्टर अशोक कुमार सिंह से उनकी मोबाइल फोन पर वार्ता हुई है। किसानों से वादे के मुताबिक 47 करोड़ रुपये की किस्त का भुगतान दिए जाने के निर्देश दिए है। इस बाबत नोटिस जारी किया गया है।