किसान की संदिग्ध हालात में मौत
चौसाना। गांव टोडा में खेत पर पानी चलाने गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
चौसाना क्षेत्र के गांव टोडा निवासी राजेंद्र (48) शनिवार रात खेत में पानी चलाने के लिए गया था। रात में किसान घर नहीं लौटा। रविवार सुबह राजेंद्र का भाई वीरेंद्र खेत पहुंचा तो राजेंद्र मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला। किसान मुंह से झाग निकल रहे थे, जिससे किसी कीटनाशक दवाई के प्रभाव से किसान की मौत की आशंका जताई गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि परिजनों ने बताया कि शनिवार को खेत में कीटनाशक का प्रयोग किया गया था। प्रथम दृष्टया कीटनाशक के प्रभाव से किसान की मौत होने की आशंका है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।