बाबरी क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी किसान हरपाल का फाइल फोटो ।
बाबरी (शामली)। गांव फतेहपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले में पैरोकारी न करने पर धमकी देने के बाद सदमे में आए किसान हरपाल की मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव फतेहपुर निवासी निरंकार सिंह ने बाबरी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि बुधवार को सुबह करीब 11 बजे वह घेर की गैलरी में अपने पिता हरपाल सिंह के साथ बैठा था। उसी समय गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर बिजेंद्र टुईंया आया और उसके साथ गाली गलौज कर भाई कपिल की हत्या के मुकदमे की पैरवी न करने की चेतावननी दी। आरोपी ने तमंचा तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी। दोपहर में धमकी से सदमे में आए उसके 68 वर्षीय पिता हरपाल सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई थी। पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर की धमकी देने पर सदमे में पिता की मौत होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन साल पहले मृतक के बेटे का नाले में मिला था शव
निरंकार ने बताया तीन साल पहले 2021 में उसके भाई कपिल का शव नाले में पड़ा मिला था। उसने बाबरी थाने पर हिस्ट्रीशीटर बिजेंद्र, उसकी पत्नी सरिता और गांव के पवन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। निरंकार ने बताया कि यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।