कांधला/बाबरी। कांधला थानाक्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जसाला गांव के पास मंगलवार सुबह ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार बंतीखेड़ा निवासी किसान संदीप (45) पुत्र जगपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
संदीप सोमवार रात गांगनौली, बागपत स्थित अपनी रिश्तेदारी में गए थे। मंगलवार सुबह वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जसाला गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जांच अधिकारी बच्चू सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अकेला कमाने वाला था
परिजनों के अनुसार संदीप परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके दो बेटे सूरज और चांद हैं।सूरज ने बताया कि चांद लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। संदीप की मौत के बाद परिवार में पत्नी सुनीता और दोनों बेटे रह गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए थे।