शामली। शामली सीएचसी पर एक गर्भवती की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने हंगामा किया। उन्होंने चिकित्सकों पर आरोप लगाए। हालत में महिला को मेरठ रेफर कर दिया गया।
मंगलवार रात के समय गांव भाजू निवासी जयप्रकाश ने अपनी गर्भवती पत्नी पिंकी को गांव कुड़ाना की पीएचसी पर भर्ती कराया था। पिंकी ने बेटी को जन्म दिया। कुछ समय बाद खून ज्यादा बहने से महिला की हालत बिगड़ गई। पीएचसी पर तैनात चिकित्सकों ने महिला को शामली सीएचसी के लिए रेफर कर दिया। जहां महिला को करीब दो घंटे रखा गया। इसके बाद डॉक्टरों ने सीएचसी पर खून उपलब्ध न होने की बात कहकर मेरठ रेफर करने के लिए कह दिया। जिस पर परिजन भड़क गए, उन्होंने चिकित्सकों के खिलाफ हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि जब महिला को रेफर करना था तो जब वह आए थे तभी रेफर कर देते। बाद में क्यों रेफर किया गया है। बाद में समझाने पर परिजन शांत हुए और पीड़िता को मेरठ लेकर चले गए। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है।