शामली। सीएचसी शामली में युवती का फर्जी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने सीएचसी पहुंचकर फर्जी प्रमाण पत्र बनाने पर रोष व्यक्त किया। बाद में चिकित्साधीक्षक ने युवती का दूसरा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाकर दिया।
जिला मुजफ्फरनगर के गांव फुगाना निवासी शिवानी अपने परिजनों के साथ सीएचसी पहुंची और बताया कि शिवानी को दिल्ली में किसी कंपनी में नौकरी के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र की जरूरत थी। 25 जून को वह परिजनों के साथ सीएचसी शामली पहुंची जहां एक युवक ने उनसे 200 रुपये लिए और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र दे दिया। परिजनों का कहना है कि बृहस्पतिवार को शिवानी ने कंपनी में स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जमा किया तो उसे गलत बताकर वापस कर दिया गया। परिजनों ने फर्जी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देने पर रोष जताया। इसके बाद युवती को चिकित्साधीक्षक ने स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाकर दे दिया। चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा का कहना है कि शुक्रवार को युवती स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने आई थी। उसका प्रमाण पत्र बना दिया गया है। इससे पहले युवती का कहां और किसने प्रमाण पत्र बना दिया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।