शामली। शहर की बुढ़ाना रोड स्थित कौशांबी विहार कॉलोनी में नाला निर्माण कार्य पिछले करीब दो साल से अधर में लटका होने से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। नगरपालिका की अनदेखी से नाराज कॉलोनीवासियों ने अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए है।
नागरिकों का आरोप है कि नाला निर्माण नहीं होने से सड़कों पर जलभराव रहता है और बारिश का पानी घरों तक में घुस जाता है। गंदगी और दूषित पानी के कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कॉलोनी निवासी अमित कुमार, भुरू, राजकुमार, वेद, विपिन चौधरी, बिंदर चौधरी, अमित शर्मा, सोनिया शर्मा, राकेश और नीतू देवी आदि नागरिकों ने अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाए हैं। इनका कहना है कि समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ। नागरिकों ने बताया कि वे नियमित रूप से गृहकर और अन्य टैक्स जमा कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल रही है।
दिवाली का त्योहार नजदीक है, लेकिन कॉलोनी में गंदगी और जलभराव के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। नाराज लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नाला निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे मकान बेचकर दूसरी जगह जाने को मजबूर होंगे।
नाला निर्माण का टेंडर हो चुका है, लेकिन कुछ लोगों के बीच आपसी मतभेद और सहमति नहीं बनने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास करेगी। - विनोद कुमार सोलंकी, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका शामली
कौशांबी विहार में जलभराव की समस्या से परेशान लोग। संवाद- फोटो : ARchive