कांधला (शामली)। कस्बा कांधला के हार्डवेयर व्यापारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें जुटी है। पुलिस की जांच में अभी तक सामने आया कि व्यापारी को मेरठ क्षेत्र से किसी दुकानदार के मोबाइल फोन से किसी अनजान व्यक्ति ने कॉल की थी। पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
उधर, पानीपत गई पुलिस टीम कांट्रेक्टर सुरेंद्र उर्फ काला से पूछताछ के बाद लौट आई। उधर, व्यापारी को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन व्यापारी ने तीसरे दिन भी दहशत के चलते दुकान नहीं खोली है। कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान कैराना बाईपास निवासी हार्डवेयर व्यापारी आबिद से छह जनवरी की शाम को किसी व्यक्ति ने पानीपत के सुरेंद्र काला के नाम से 50 लाख रुपये व फॉर्च्यूनर कार की रंगदारी मांगी थी। बुधवार को पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सीओ कैराना श्याम सिंह ने व्यापारी के आवास पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पीड़ित व्यापारी की सुरक्षा को पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को व्यापारी ने दहशत के चलते दुकान नहीं खोली।
उधर, पानीपत गई पुलिस टीम ने कांट्रेक्टर सुरेंद्र उर्फ काला से पूछताछ की। उसकी आवाज का मिलान किया गया, लेकिन इस मामले में प्रथम दृष्टया उसकी संलिप्तता सामने नहीं आने पर पुलिस टीम लौट आई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि व्यापारी को काॅल मेरठ क्षेत्र से की गई है। जिस नंबर से कॉल की गई वह एक दुकानदार है जो मेरठ में रहता है और मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने दुकानदार से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसके मोबाइल फोन से किसी अनजान व्यक्ति ने काॅल की थी।