क्षमा करो बापू तुम हमको, वचन भंग के हम अपराधी
शामली। वीवी डिग्री कालेज शामली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रम में दूसरे दिन मंगलवार को काव्य पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
काव्य पाठ में छात्रा सुमन ने अटल के काव्य की पंक्ति धर्मराज ने छोड़ी नहीं जुएं की लत है, हर पंचायत में पांचाली अपमानित है। मीना ने क्षमा करो बापू तुम हमको, वचन भंग के हम अपराधी। मुजम्मिल ने सूर्य एक सत्य है, जिसे झुठलाया नहीं जा सकता जैसी कविताएं प्रस्तुत की।
इसके अलावा निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को तीन विषय व्यक्ति के जीवन में धर्म और राष्ट्र की भूमिका, नया युग नई चुनौतियां रोजगार की नई संभावनाएं और मिशन शक्ति की सफलता के विभिन्न आयाम दिए गए। इन विषयों में किसी एक विषय पर निबंध लिखवाया गया। गणित विभाग द्वारा राष्ट्रीय गणित दिवस पर ऑनलाइन राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें जयविंद्र तोमर ने श्रीनिवास रामानुजन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके गणितीय शोध कार्य पर जानकारी दी। वेबिनार में बीए, एमए, एमएससी के छात्र-छात्राओं और कालेज के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर डा. नीना छोकरा, डा. भूपेंद्र कुमार, पूजा राय, डा. बबली रानी, निर्भय सिंह, नारायण सिंह और डा. छवि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डा. मंजू मगन ने की और संचालन डा. प्रताप कुमार ने किया।