कैराना के गांव इस्सोपुर खुरगान स्थित मदरसे में आयोजित जलसे में बोलते इमाम बोर्ड के चीफ डा उमेर हस
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। इस्सोपुर खुरगान स्थित मदरसे में आयोजित हिंदू-मुस्लिम भाईचारा एकता जलसे में दिल्ली और अन्य प्रदेशों से आए धर्म गुरुओं ने आपस में भाईचारे से रहने की अपील की।
जलसे के मुख्य अतिथि इमाम बोर्ड दिल्ली के चीफ डॉ. उमेर हसन इलियासी ने कहा कि एक गुलदस्ते में कई रंग के फूल होते हैं। गुलदस्ता तब ही सुंदर लगता है जब सभी फूल खिलते रहें। इसी तरह हमारे देश में हर मजहब, भाषा के लोग रहते हैं। सभी आपस में मिलजुल कर प्यार-मोहब्बत के साथ रहें, तब ही हमारा देश भारत वर्ष हंसता-खिलता नजर आएगा। देश में हर तरफ खुशी होगी तो देश तरक्की करेगा। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानू प्रताप ने कहा कि हम सबको आपस में मिलजुल कर रहना चाहिए। एक-दूसरे के दुख-दर्द को अपना समझ कर दूसरों की सहायता करनी चाहिए।
भाकियू (भानू) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लियाकत प्रधान नियामु, राष्ट्रीय दलित जागरण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कदम सिंह बालियान, राष्ट्रीय महासचिव रजनीकांत रंजन, लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एएच खान ने हिंदू-मुस्लिम एकता पर बल दिया। जलसे का आयोजन ग्राम प्रधान असलम सहित अन्य ग्रामीणों ने किया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। साथ ही सीओ जितेंद्र कुमार व कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।