-वीवी इंटर काॅलेज में 12 से 14 जून तक लगेगा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंक पत्र में हुई त्रुटियों के सुधार के लिए वीवी इंटर कॉलेज शामली में 12 से 14 जून तक शिविर लगाया जाएगा। इसमें बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा नियुक्त अधिकारी व कर्मचारी अंक पत्रों में त्रुटियों का निस्तारण करेंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के अंक पत्रों में विद्यार्थी का नाम, पिता का नाम और जन्म तिथि आदि की त्रुटि के लिए क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ में आवेदन लंबित चल रहे हैं। शासन ने इन प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर ही शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि विद्यार्थियों को क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया विद्यार्थियों के अंकपत्रों में त्रुटियों के निस्तारण के लिए वीवी इंटर कॉलेज शामली में 12 से 14 जून तक सुबह दस बजे से पांच बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा नियुक्त प्रशासनिक अधिकारी हुकुम सिंह, कनिष्ठ सहायक पंकज चौहान व हिमांशु लंबित प्रकरणों का निस्तारण करेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय में लंबित प्रकरणों की जो सूची जारी की है, उसमें वर्ष 2010 से लेकर 2022 तक हाईस्कूल के 175 और इंटर के 20 विद्यार्थी शामिल हैं। उन्होंने कहा जिन विद्यार्थियों के अंक पत्र में कोई त्रुटि है तो वह उससे संबंधित दस्तावेज के साथ शिविर में पहुंचकर निस्तारण करा सकता है।