शामली। जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर यूपी एसआई की लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हुई। आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। वहीं मुख्य गेट पर ही अभ्यर्थियों के बेल्ट, टोपी, कड़ा, रिंग, लॉकेट उतरवा लिए गए। परीक्षा में 5644 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 2036 ने परीक्षा छोड़ी।
रविवार को यूपी एसआई की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन रहा। जिले में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मोदीनगर, बुलंदशहर के अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। एडीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा के निर्धारित समय से ढाई घंटा पहले ही मुख्य गेट से जांच प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर भेजना शुरू किया गया।
परीक्षा के निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही परीक्षा केंद्रों का मुख्य गेट बंद करा दिया गया। बताया कि सभी केंद्रों पर दोनों पाली में 7680 पंजीकृत रहे, इनमें से 5644 ने परीक्षा दी और 2036 ने परीक्षा छोड़ी। सभी केंद्रों पर स्थिति ठीक रही और परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।
किस पाली में क्या रही स्थिति
प्रथम पाली में 3840 में से 2782 ने परीक्षा दी व 1058 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3840 में से 2862 ने परीक्षा दी और 978 अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 72.44 प्रतिशत व द्वितीय पाली में 74.53 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
महिलाओं की चूड़ी-बैंड और बालियां भी उतरवाई
प्रवेश द्वार पर महिला अभ्यर्थियों की चूड़ियां, बालों के बैंड और क्लेचर तक उतरवाकर बाहर रखवा दिए गए। अभ्यर्थियों के मोबाइल और बैग आदि सामान रखने के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। पानी की बोतल लेकर जाने की भी अनुमति नहीं दी गई।
चेहरा न मिलने पर कक्ष में की गई बायोमीट्रिक जांच
जिन परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान आधार कार्ड में लगी फोटो से अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक मिलान नहीं हो पाया, उन्हें कक्ष में जाने दिया गया। उसके बाद परीक्षा शुरू होने से पहले कक्ष में जाकर बायोमीट्रिक जांच की गई। पहचान पुष्ट होने पर ही उन्हें परीक्षा में शामिल होने दिया गया।
अभ्यर्थियों और परिजनों की बारिश ने भी ली परीक्षा
वैसे तो बारिश सुबह 4 बजे से शुरू होकर छह बजे तक चली, इसके बाद जैसे ही पहली पाली की परीक्षा के लिए मुख्य गेट बंद हुआ तो, फिर से बारिश शुरू हो गई। परीक्षा केंद्रों के पास दुकानों के बाहर बैठे द्वितीय पाली के अभ्यर्थी व परीक्षा देने गए अभ्यर्थियों के परिजन बारिश में बचने के लिए इधर-उधर छिपते नजर आए।
परीक्षा छूटने के बाद शहर, स्टेशन और रोडवेज अड्डे दिखी भीड़
परीक्षा छूटते ही शहर की सड़कों पर भीड़ नजर आई। कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही। इसके साथ ही बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी अभ्यर्थियों की भीड़ रही। यातायात पुलिस ने व्यवस्था पर काबू पाते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई।
शामली में वी वी इंटर कॉलेज में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की लगी लाइन । संवाद