शामली। जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने पूर्वी यमुना नहर से लेकर औद्योगिक क्षेत्र में नया नाला बनवाने, नए औद्योगिक क्षेत्र को सड़क, नाली और पार्क एवं अन्य सुविधाओं को लेकर दस करोड़ रुपये का विशेष बजट दिए जाने की मांग की। शहर के विजय चौक से लेकर औद्योगिक क्षेत्र के बाईपास तक सड़क के चौड़ीकरण कर डिवाइडर बनाने की भी उद्यमियों ने मांग रखी।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट के सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक एडीएम संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में साइमा के चेयरमैन व लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अंकित गोयल ने पूर्वी यमुना नहर से लेकर औद्योगिक क्षेत्र में नया नाला बनवाने, नए औद्योगिक क्षेत्र को सड़क, नाली और पार्क एवं अन्य सुविधाओं को लेकर दस करोड़ रुपये का बजट दिए जाने, शहर के विजय चौक से लेकर औद्योगिक क्षेत्र के बाईपास तक सडक का चौड़ीकरण कराने और डिवाइडर बनाने की मांग की। उद्यमियों ने अवगत कराया कि नेशनल अप्रेंटिस पेंशन स्कीम के अंतर्गत अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को 22 जनवरी 2018 से उनकी योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण लगातार दिया जा रहा है, लेकिन इस योजना में दिए जाने वाली धनराशि का शेयर अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है।
औद्योगिक क्षेत्र में पुलिया पूरी तरह से बैठ गई है। नाले के पानी की निकासी बंद हो गई है। औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की आवश्यकता को लेकर एसडीएम कैराना द्वारा अवगत कराया गया कि कंडेला विद्युत घर के पास फायर स्टेशन की स्थापना हेतु भूमि चिह्नित कर ली गई हैं। आईआईए के चेयरमैन आशीष जैन ने कहा कि चिह्नित भूमि पर फायर स्टेशन के निर्माण शुरू किया जाए, ताकि आग लगने की घटना होने पर तुरंत काबू पाया जा सके। एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि जिला उद्योग केंद्र की उपायुक्त जैसमिन तीन दिन औद्योगिक केंद्र शामली में बैठकर उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। एडीएम ने उद्यमियों की समस्याओं को सुनते हुए दिल्ली रोड पर अधूरी सड़क निर्माण कार्य प्रकरण में निस्तारण करने के लिए एनएचएआई की ओर से लोक निर्माण विभाग के अफसरों को निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि उनके द्वारा पांच करोड़ का इस्टीमेट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई हेतु विभाग को दे दिया गया है। बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान में नाला चौक होने के कारण समस्या के निराकरण के लिए औद्योगिक क्षेत्र से पूर्वी यमुना नहर तक तीन किलोमीटर तक नया नाला बनवाने के लिए मांग रखी।
एडीएम ने टेक्निकल टीम बनाकर प्रकरण में जांच के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम कैराना स्वप्निल कुमार यादव, डिप्टी कलेक्टर पूर्वा, उपायुक्त उद्योग जैस्मिन, सहायक श्रमायुक्त अंर्चला पांडे आदि मौजूद रहे।
शामली कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधुओ की बैठक लेते एडीएम संतोष कुमार सिंह