फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाकियू का कमिश्नरी घेराव: सुबह 7 बजे स्थगित, 6 घंटे की वार्ता के बाद किसानों की समस्याओं पर समाधान का भरोसा

Wed, 02 Sep 2026 10:24 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ में भाकियू का कमिश्नरी घेराव सुबह 7 बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थगित हुआ। मंडलायुक्त भानु गोस्वामी की अध्यक्षता में छह घंटे चली वार्ता में बिजली, खाद, गन्ना भुगतान, सड़क, तालाब और पशु चिकित्सा समेत किसानों की कई समस्याओं पर समाधान का भरोसा दिया गया।
विज्ञापन
भाकियू का धरना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 मेरठ में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का कमिश्नरी घेराव मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक जारी रहा। एक सितंबर को कमिश्नरी गेट के सामने आयोजित महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मंडलायुक्त के नेतृत्व में वार्ता की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि मांगें नहीं मानी गईं तो 72 घंटे का धरना जारी रहेगा और तीसरे दिन रात्रि पंचायत के बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विज्ञापन


किसानों ने मंडलायुक्त के नेतृत्व में वार्ता की मांग पर अड़े रहते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा कर दी। इसके बाद देर रात मंडलायुक्त भानु गोस्वामी ने किसानों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया।


यह भी पढ़ें: मेरठ बंद आज: डॉक्टर नहीं करेंगे ओपीडी, इमरजेंसी सेवाएं जारी; सेंट्रल मार्केट के समर्थन में कई संगठन एकजुट
विज्ञापन

 

अनुराग चौधरी के नेतृत्व में 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त सभागार पहुंचा। मंडलायुक्त भानु गोस्वामी की अध्यक्षता में अधिकारियों और किसानों के बीच करीब छह घंटे तक विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में अपर मंडलायुक्त अमित कुमार, प्रभारी जिलाधिकारी नूपुर गोयल, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, ऊर्जा प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता, मेडा वीसी संजय मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, एडीएम प्रशासन समेत करीब 30 जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बिजली के बढ़े लोड और बिलों की होगी जांच
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। बिजली के बढ़े हुए लोड की पिछले छह महीने के आधार पर जांच कराई जाएगी। जांच में लोड कम पाया गया तो उसे घटाया जाएगा। पेनल्टी और सिक्योरिटी की धनराशि को बिल में समायोजित करने का आश्वासन दिया गया।

ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद दो से तीन दिन में नहीं बदलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तार चोरी की घटनाओं में एक सप्ताह के भीतर नए तार डालने की बात कही गई। किसानों की तहरीर पर तार और स्टार्टर चोरी की रिपोर्ट थानों में दर्ज कराने का भी आश्वासन दिया गया। जर्जर तारों को भी बदला जाएगा।
 

खाद समितियों की जांच, ज्यादा ब्याज वापस कराया जाएगा
खाद समितियों में ब्याज और खाद वितरण की जांच अपर मंडलायुक्त अमित कुमार करेंगे। किसानों से तीन प्रतिशत से अधिक ब्याज वसूले जाने की स्थिति में अतिरिक्त रकम वापस कराने का आश्वासन दिया गया।

डीएपी की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने की बात कही गई। सीडीओ की निगरानी में किसानों को नियमानुसार निर्धारित मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया।

किनौनी मिल के गन्ना भुगतान का आश्वासन
किनौनी चीनी मिल के बकाया भुगतान को लेकर अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिया कि नए पेराई सत्र के शुरू होने से 10 दिन पहले हरसंभव स्थिति में भुगतान कराया जाएगा।

दूर गन्ना डालने को मजबूर बुजुर्ग और असहाय किसानों के बॉन्ड बदलवाने के मामले में जिला गन्ना अधिकारी के स्तर से लखनऊ जाकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया। प्रमुख सचिव गन्ना से किसान प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात भी नए पेराई सत्र से पहले सुनिश्चित कराने की बात कही गई।

 

तालाब, सड़क और नालों के काम भी होंगे
बैठक में पांच नए तालाबों की सफाई कराने का आश्वासन दिया गया। जाटोली और नंगला ताशी में नाले के पुनर्निर्माण की बात कही गई। खस्ताहाल ग्रामीण सड़कों को इसी वित्तीय वर्ष में बनवाने का भरोसा दिया गया।

लहरा गांव के तालाब में मछली पालन नहीं होने और भविष्य में भी इसे लेकर किसानों की आपत्ति का समाधान करने की बात कही गई। वीरनगर में वर्षों पुराने पट्टों से जुड़े मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया गया।

स्वास्थ्य और पशुपालन की समस्याओं पर भी सहमति
नारंगपुर आयुष्मान मंदिर में डॉक्टर की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया गया। पशु चिकित्सालयों में दवाओं की व्यवस्था दुरुस्त करने और लंपी रोग की वैक्सीन को प्राथमिकता से लगाने की बात कही गई।

रात्रि में एक फेस ट्यूबवेल की लाइट और टॉप बोरर तितली से बचाव के लिए लाइट लगाने संबंधी सुझावों पर भी शासन को पत्र भेजने का फैसला हुआ। ऊर्जा प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने इस मामले में स्वयं पैरवी करने की बात कही।
विज्ञापन

अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश
मंडलायुक्त भानु गोस्वामी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का जायज तरीके से निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए। शिकायतों का उचित समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और कार्रवाई भी की जा सकती है।

आधी रात बाद खत्म हुई बैठक, सुबह तक डटे रहे किसान
किसान जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के मुताबिक, किसानों का आंदोलन समस्याओं के समाधान नहीं होने के कारण किया जा रहा है। उन्होंने वार्ता के दौरान मंडलायुक्त के प्रयास के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि किसानों के बीच सभी समाधान की औपचारिक घोषणा कराई जाए।

करीब 12:30 बजे वार्ता समाप्त हुई, लेकिन किसानों ने आंदोलन जारी रखा। इसके बाद सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ करीब एक हजार किसान कमिश्नरी के बाहर सड़क पर ही डटे रहे। किसानों ने वहीं खाना खाया और रात बिताई।

सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच एडीएम सिटी बृजेश सिंह और एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले किसानों के बीच पहुंचे और अधिकारियों की ओर से किए गए आश्वासनों की घोषणा की। इसके बाद जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि समाधान नहीं हुआ तो किसान फिर इसी ताकत के साथ कमिश्नरी पहुंचेंगे।

उन्होंने सभी किसानों का धन्यवाद करते हुए धरना स्थगित करने का ऐलान किया। इसके बाद टेंट हटाया गया। करीब नौ बजे तक किसान कमिश्नरी कार्यालय के सामने मौजूद रहे।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, जगत सिंह, देशपाल, अनूप, सत्येंद्र, हर्ष चाहल, रामफल शर्मा, नरेश मवाना, मोनू टिकरी, सुनील, सत्ते, अभिषेक, महिपाल, जसबीर, मनोज समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें