शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने नगर में चेकिंग अभियान चलाया। कैराना रोड पर अतिक्रमण हटवाया। वहीं, एंटी रोमियो टीम ने कॉलेजों के बाहर गश्त कर मनचलों को पकड़ा और बाद में चेतावनी देकर छोड़ा।
शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने कैराना रोड पर सड़क किनारे खड़ी होने वाली टैक्सियों के संबंध में निर्देश दिए। चेेतावनी दी कि इन गाड़ियों के वहां खड़ी होने से वहां पर जाम लगता है। इसलिए यहां टैक्सी खड़ी न की जाएं। पुलिस ने कई टैक्सियों की हवा भी निकाल दी।
उधर, एंटी रोमियो टीम ने स्कूल कॉलेजों के बाहर घूम रहे मनचलों को चेताया। पुलिस ने कन्या इंटर कॉलेजों के बाहर घूमने वाले छात्रों तथा लड़कियों के पीछे जाने वाले लड़कों से भी पूछताछ की।
चेतावनी देकर जाने दिया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि नगर में फव्वारा चौक, विजय चौक, अजंता चौक सहित कई जगह चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की इस चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। दर्जनों वाहनों के चालान भी किए गए।