बेटियों को स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण देकर सशक्त बनाएं
शामली। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें बालिकाओं को मजबूत बनाने और उनके साथ भेदभाव न करने के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
शुक्रवार को जय जवान जय किसान इंटर कालेज मुंडेट में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डा.संजय भटनागर ने बताया कि 2008 से हर साल भारत में 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बालिकाओं के साथ होने वाले भेदभाव न करने के प्रति लोगों को जागरूक करना है ताकि लड़कियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले और वह आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा.सफल कुमार ने बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 2015 में शुरू किए गए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से लड़कियों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस दौरान बच्चों को टीबी एवं तंबाकू से बचाव की जानकारी दी गई। डीपीएम आशुतोष और सदफ अली खान ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं स्वास्थ्य विभाग में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसीएमओ डा.डीपी सिंह, राहुल त्यागी, शबी आजम, रश्मि सैनी विजय कुमार मौजूद रहे। सीएचसी शामली में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में चिकित्साधीक्षक डा.रमेश चंद्रा, डा. अनुपम सक्सेना और डा. ज्योति ने एएनएम, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। गोष्ठी में स्वास्थ्यकर्मियों को कन्या भ्रूण हत्या रोकने और बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।