शामली से टपरी तक का विद्युतीकरण कार्य प्रभावित
शामली। कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने से दूसरे चरण में शामली से टपरी तक विद्युतीकरण कार्य मजदूरों के अभाव के चलते प्रभावित होने लगा है। रेलवे अफसरों के मुताबिक यदि कोरोना का खतरा जारी रहा, तो शामली से टपरी तक विद्युतीकरण कार्य लटक जाएगा।
दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेल खंड में विद्युतीकरण का कार्य वर्ष 2016 में स्वीकृत हुआ था। पिछले दो सालों से चल रहा विद्युतीकरण में प्रथम चरण में लोनी से लेकर शामली तक विद्युतीकरण कार्य दिसंबर में खत्म होना था। कोरोना संक्रमण बढ़ने से 31 मार्च तक खत्म हो पाया है। प्रथम चरण का विद्युतीकरण का ट्रायल 22 मार्च को उत्तर रेलवे सुरक्षा आयुक्त शैलेंद्र पाठक लोनी से लेकर शामली तक रेलवे ट्रैक का कर चुके हैं। एक अप्रैल से दूसरे चरण में शामली से टपरी तक विद्युतीकरण कार्य प्रारंभ हो चुका है। उत्तर रेलवे के विद्युतीकरण के सेक्शन इंजीनियर बनवारी लाल गुप्ता ने बताया कि एक अप्रैल के बाद शामली से लेकर हिंड तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो पाया है। कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण टपरी तक विद्युुतीकरण का कार्य प्रभावित होने लगा है। उनका कहना है कि शामली से टपरी तक विद्युतीकरण कार्य पूरा करने का लक्ष्य 30 जून तक दिया गया था। काम बंद होने से शामली से लेकर टपरी तक रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण कार्य लटक जाएगा।