प्राइवेट हॉस्पिटल सहित 29 घरों में पकड़ी बिजली चोरी
कैराना। विद्युत निगम की टीम ने झाड़खेड़ी रोड पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान निजी अस्पताल समेत 29 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश बेदी के नेतृत्व में रविवार को विद्युत निगम की टीम ने बिजली चोरी की रोकथाम हेतु टाउन क्षेत्र के अंतर्गत झाड़खेड़ी रोड पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। जिसमें एक निजी अस्पताल भी शामिल है। मौके पर वीडियोग्राफी कराकर टीम द्वारा संबंधित व्यक्तियों के केबल जब्त कर लिए गए। एसडीओ ने बताया कि हाईलाइन लॉस के चलते यह कार्रवाई की गई है। जिसमें मैक्स अस्पताल समेत 29 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। अस्पताल में कनेक्शन से अधिक भार था और मीटर से पहले से कट लगाकर चोरी की जा रही थी। इस मौके पर 14 ई-रिक्शा भी चार्ज पर लगाई गई थीं। उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। टीम में अवर अभियंता राहुल कुमार, टीजी-2 अमित राठी, मो. सैफी आदि मौजूद रहे।