चौसाना। दथेड़ा बिजलीघर की 33 केवी लाइन का इंसुलेटर फटने से बृहस्पतिवार को चौसाना क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लाइनों के क्रॉस के कारण एक फॉल्ट का असर दूसरे क्षेत्र पर भी पड़ा, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान रहे।
जेई आजम अकबर ने बताया कि शनिवार को मरम्मत कार्य के चलते शाम तीन बजे से शटडाउन लिया गया। करीब पांच घंटे बाद रात आठ बजे सप्लाई बहाल हुई, लेकिन आधे घंटे में ही फ्यूज उड़ने से फिर बिजली गुल हो गई।
इस दौरान कॉपरेटिव बैंक के पास एलटी लाइन का तार टूट गया, जबकि बाईपास, थानाभवन स्टैंड और खेड़की तिराहे पर भी तार टूटने की जानकारी मिली। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन काफी जर्जर हो चुकी है और मामूली फॉल्ट में भी तार टूटकर नीचे गिर जाते हैं। फीडर रिले के ठीक से काम न करने के कारण फॉल्ट के समय लाइन स्वतः बंद नहीं होती, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार बाईपास की लाइन तो रोजाना समस्या दे रही है। जैसे ही हल्का सा फॉल्ट होता है, तार टूटकर नीचे गिर जाते हैं। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए लगातार खतरा बना रहता है। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे शामली श्यामला से आने वाली 33 हजार की लाइन फिर फेल हो गई, जिसमें केवल दो फेज ही आ रहे हैं और कर्मचारी उसे ठीक करने में लगे हैं, लेकिन जर्जर लाइन के कारण समस्या बार-बार सामने आ रही है।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता सौरभ पाठक ने बताया कि चौसाना क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जहां-जहां खामियां हैं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को एसडीओ को मौके पर भेजकर लाइनों, रिले और अन्य तकनीकी खामियों की जांच कराई जाएगी।