शामली। खेड़ीकरमू बिजलीघर पर अधिशासी अभियंता के कार्यालय में भाकियू के प्रदेश महासचिव जावेद तोमर और विद्युत कर्मचारी के बीच मारपीट हो गई। इसके विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और विद्युत कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया। विद्युत कर्मचारियों ने भी कोतवाली पहुंचकर भाकियू नेता और उसके साथ आए लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
शुक्रवार को भाकियू के प्रदेश महासचिव जावेद तोमर कैराना रोड पर स्थित खेड़ीकरमू बिजलीघर पर अधिशासी अभियंता चतुर्थ के कार्यालय में गए थे। अधिशासी अभियंता चतुर्थ रवि प्रकाश से भाकियू नेता ने गांव गोगवान के किसान के असेेसमेेंट के संबंध में बातचीत की। इसी दौरान विद्युत कर्मचारी राजेंद्र कुमार के साथ भाकियू नेता की कहासुनी हो गई। दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। अधिशासी अभियंता ने दोनों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसमें भाकियू नेता चोटिल हो गए। भाकियू नेता जावेद तोमर ने कोतवाली पुलिस को सूचना देते हुए सीएचसी में उपचार कराया। मारपीट की सूचना पर भाकियू कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। भाकियू नेताओं ने बिजलीघर पर तालाबंदी कर धरना देने की चेतावनी दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बिजलीघर पर पहुंचकर मामले की जांच की।
कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में नारेबाजी की
अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद भाकियू कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर हंगामा किया। भाकियू नेता जावेद तोमर की तरफ से कोतवाली में तहरीर देकर विद्युत कर्मचारी राजेंद्र पर असेेसमेेंट के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। कोतवाल प्रेमवीर राणा ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे कार्यकर्ता
कोतवाली में तहरीर देने के बाद भाकियू कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक विद्युत कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा। भाकियू जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान ने आरोप लगाया कि विद्युत कर्मचारी किसानों से पैसे की मांग करते हैं। जो उनका विरोध करता है, उनके साथ अभद्रता और मारपीट की जाती है। धरने पर भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार, जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान, नगराध्यक्ष योगेंद्र सिंह, दीपक शर्मा, संजीव राठी और देवराज पहलवान आदि मौजूद रहे।
विद्युत कर्मचारी ने भाकियू नेता के खिलाफ दी तहरीर
विद्युतकर्मी राजेंद्र कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि भाकियू नेता जावेद तोमर 10-12 लोगों के साथ कार्यालय में पहुंचे और अपने अनुसार काम कराना चाहा, लेकिन उसने जब नियमानुसार काम की बात कही तो उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि भाकियू नेता चेकिंग रिपोर्ट और असेेसमेेंट को उठाकर ले गए। भाकियू नेता ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि उस पर रिश्वत के झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई कराएंगे। अधिशासी अभियंता चतुर्थ रवि प्रकाश, अधिशासी अभियंता तृतीय उदय प्रताप सहित विद्युत कर्मचारी भी कोतवाली पहुंचे और कोतवाल से निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
-भाकियू नेता जावेद तोमर उनके कार्यालय में एक किसान के असेस्मेेंट को लेकर आए थे। उन्होंने कार्यालय कर्मचारी राजेंद्र से असेेसमेेंट बनवा दिया था। कर्मचारी असेेसमेेंट पर उनके साइन कराने के लिए उनके पास आया था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। उन्होंने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच मारपीट हो गई।
- रवि प्रकाश, अधिशासी अभियंता चतुर्थ।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-प्रेमवीर राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।