चौसाना में थानाभवन मार्ग स्थित एक दुकान पर वेल्डिंग कराते समय खाली टैंकर तेज धमाके के साथ फट गया। इस दुर्घटना में चालक और वेल्डिंग मिस्त्री घायल हो गए।
चौसाना क्षेत्र के गांव बल्ला माजरा निवासी शोएब टैंकर पर चालक है। बृहस्पतिवार शाम को वह हरियाणा से खाली टैंकर लेकर सहारनपुर जा रहा था। चौसाना में उसने पंकज की दुकान पर टैंकर को खड़ा कर वेल्डिंग कराने लगा। टैंकर की एंगल में वेल्डिंग कराते समय अचानक टैंकर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। धमाके से टैंकर का निचला हिस्सा फट गया और ऊपर लगे ढक्कन हवा में उछल गए। इस घटना में चालक शोएब गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वेल्डिंग मिस्त्री पंकज को भी चोट लगी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शोएब को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में चालक के दोनों पैरों में काफी चोट आई हैं। चौकी इंचार्ज बीनू सिंह ने बताया कि घायल चालक को सहारनपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टैंकर को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा किया गया है। ढक्कन बंद होने और गैस बनने की वजह से टैंकर फटने का कारण बताया जा रहा है।