एडी बेसिक करेंगे निलंबित बीईओ की जांच
शामली। दस दिन पहले 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार हुई कैराना की खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडेय के मामले में शासन ने सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा सहारनपुर को जांच सौंपी है।
सतर्कता अधिष्ठान मेरठ की टीम ने 11 नवंबर को बीईओ राजलक्ष्मी पांडेय को शामली के मोहल्ला काकानगर में उनके किराये के मकान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। बीईओ पर कैराना ब्लाक के करीब 30 विद्यालयों में बच्चों की यूनिफार्म का कपड़ा सप्लाई करने वाले ठेकेदार सत्यपाल ने भुगतान की एवज में 100 रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बीईओ के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इस प्रकरण में बीईओ राजलक्ष्मी पांडेय को निलंबित किया गया है। शासन ने इस प्रकरण की जांच मंडलीय सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा योगराज सिंह को सौंपी है।