शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कुड़ाना रोड पर नदी पुल के निकट वाहन की चपेट में आकर ई रिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना क्षेत्र के गांव मंडावली निवासी राहुल (25) शामली में रहकर ई रिक्शा चलाता था। शुक्रवार शाम को वह ई-रिक्शा में सवारी लेकर गांव कुड़ाना गया था। सवारियों को गांव में छोड़कर वह शामली लौट रहा था। रास्ते में कुड़ाना रोड पर नदी पुल के निकट पहुंचा तो किसी वाहन ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी, जिसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली के एसएसआई रविंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि परिजन युवक को शहर के निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता की तरफ से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।