- बनत नगर पंचायत में हुई बोर्ड की बैठक में स्वकर निर्धारण प्रणाली के विरोध में सभासदों ने किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। नगर पंचायत बनत में बोर्ड बैठक में सभासदों ने स्वकर प्रणाली को लागू न किए जाने की मांग करते हुए हंगामा किया। बोर्ड बैठक में सभासद कक्ष निर्माण, सड़कों का निर्माण और कांवड़ मार्ग पर साफ सफाई के प्रस्ताव पास हुए।
सोमवार को नगर पंचायत बनत के सभागार में अध्यक्ष कुसुम देवी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में एजेंडा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान सभासदों ने स्वकर प्रणाली को लागू न किए जाने की मांग रखी। उन्होंने स्वकर प्रणाली का विरोध करते हुए हंगामा भी किया। कहा कि पहले ही गरीबों पर टैक्स जमा नहीं हो रहा है और स्वकर प्रणाली लागू होने से टैक्स 20 गुना बढ़ जाएगा। बोर्ड ने सर्वसम्मति से स्वकर प्रणाली को लागू न किए जाने का प्रस्ताव पास किया।
इसके अलावा बैठक में सभासद कक्ष निर्माण, टेंडर हो चुकीं सड़कों का निर्माण और कांवड़ मार्ग पर सफाई आदि के प्रस्ताव पास हुए। इस अवसर पर ईओ देवकीनंदन, सभासद अमरेश, इकराम अली उर्फ मुन्नी, अजय कुमार, दीपक कुमार, कमल, नीरज कुमार, सुनीता, सरमिला, योगेन्द्र, हरबीर, शहनाज, उमा, पूजा आदि मौजूद रहे।