जलालाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत जलालाबाद नगर पंचायत की खराब रेटिंग को सुधारने का दम भर रही नगर पंचायत खुद के नगर पंचायत कार्यालय को ही साफ नहीं रख पा रही है।
नगर पंचायत के गंगोह चौराहे की ओर खुलने वाले द्वार के निकट बना नाला चौक होने के चलते उसका तमाम गंदा पानी बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में घुस गया। इसके बाद नगर पंचायत कर्मचारियों ने नाले से गंदगी निकाली। दुकानदार कुलदीप गर्ग का कहना है कि नगर पंचायत के गेट पर ही उनकी दुकान बनी है, अक्सर गंदा पानी घुस जाता है। नाला सफाई की दुकानदार लिखित में भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। अब पानी नगर पंचायत में घुसा तो शायद सफाई हो जाए।
इस संबंध में ईओ जितेंद्र राणा से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। लिपिक मुकेश सैनी का कहना है कि थोड़ा बहुत पानी नाला चौक होने से आ गया था, जिसे साफ करा दिया गया है।