शामली। झिंझाना थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान मिनी ट्रक में ट्रैक्टर पार्ट्स के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा एक क्विंटल डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि रविवार को झिंझाना थाना पुलिस बिड़ौली चेकपोस्ट पर चेकिंग कर रही थी। उसी समय आए मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें ट्रैक्टर पार्ट्स के नीचे छिपाकर रखे गया करीब एक क्विंटल डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मिनी ट्रक के चालक कुलवंत सिंह निवासी न्यू अमर नगर थाना डाबा जिला लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार कर मिनी ट्रक व ट्रैक्टर पार्ट्स कब्जे में ले लिए।
एसपी के मुताबिक आरोपी कुलवंत सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह मिनी ट्रक का मालिक है और खुद ही चलाता है। छह जुलाई को वह झारखंड के जमशेदपुर से ट्रैक्टर के पार्ट्स लोड कर पंजाब लौट रहा था। वहीं से उसने डोडा पोस्त खरीदकर तिरपाल के नीचे छिपाकर ले जा रहा था, जिसे वह लुधियाना में बेच देता। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है।