शामली। जिला मुख्यालय के मार्ग को जोड़ने वाले पूर्वी यमुना नहर के मुंडेट कला पुल से लेकर नई मंडी तक सात मीटर चौड़ी सड़क का 1.5 करोड़ रुपये की लागत से मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण निर्माण कराएगा। इस मार्ग के निर्माण के लिए प्राधिकरण दो माह पूर्व टेंडर छोड़ चुका है।
शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कांबोज कॉलोनी से लेकर मेरठ-करनाल मार्ग को जोड़ने वाले गोहरनी रजवाहे की पटरी को चार मीटर चौड़ा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है।
भैसवाल रोड नई मंडी मोड़ से लेकर शामली-गढ़ीपुख्ता मार्ग मात्र ढाई मीटर चौड़ा है। भैसवाल रोड नई मंडी से लेकर पूर्वी यमुना नहर पुल तक यह मार्ग खस्ता हाल है।
पूर्वी यमुना नहर किनारे जिला मुख्यालय जिला अस्पताल एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के आवासों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले 1400 मीटर लंबाई वाले मुंडेट कला नहर पुल से लेकर भैसवाल रोड नई मंडी तक इस मार्ग को सात मीटर बनाने की जिला प्रशासन ने जिम्मेदारी मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है। 1400 मी. लंबाई वाले इस मार्ग को सात मी. चौड़ा बनाने के लिए टेंडर भी दो माह पूर्व छोड़े जा चुके हैं।
प्राधिकरण के अवर अभियंता विशेष कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले इस मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है, यदि मौसम गरम रहा तो सड़क काम जल्द पूरा हो जाएगा। अन्यथा सर्दी समाप्त होने के के बाद सड़क का निर्माण पूरा कराया जाएगा। सड़क निर्माण में डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेरठ-करनाल रोड को शहर के कांबोज कॉलोनी, पंजाबी कॉलोनी को जोड़ने वाले गोहरनी रजवाहे की पटरी को चार मीटर बनाने की लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयारी शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने 1500 मीटर लंबाई वाले इस मार्ग का एस्टीमेट बनवाना शुरू कर दिया है।
एसपी सिंह ने बताया कि पहले डीएम शामली ने इस रजवाहे की पटरी के निर्माण का जिम्मा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को सौंपा था। जिस पर
प्राधिकरण ने डेढ़ साल के दौरान कोई नहीं किया था, बाद में डीएम शामली ने शहर के मध्य होकर गुजर रहे गोहरनी रजवाहे की पटरी को जाम से मुक्ति दिलाने और मिनी बाईपास के रूप में उपयोग करने के लिए लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से गोहरनी रजवाहे की पटरी को चार मीटर चौड़ा बनाने और एक- एक मीटर दोनों ओर की पटरी के लिए भूमि छोड़कर सड़क बनाई जाएगी। मिनी बाईपास के लिए एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है।